सलमान खान की प्रशंसा करने वाले राजपाल यादव के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि 8 साल पुराना है। दरअसल, 2018 में काला हिरण केस में सलमान खान को जमानत मिलने पर राजपाल यादव ने खुशी जताई थी। वायरल वीडियो उसी दौरान का है, जिसे अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव लोन डिफॉल्ट और चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद थे। 16 फरवरी 2026 को हुई सुनवाई के बाद उन्हें अंतरिम जमानत मिल गई है। इसी से जोड़ते हुए उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो उनको जमानत मिलने के बाद का है और उन्होंने मदद करने के लिए अभिनेता सलमान खान को शुक्रिया कहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि 8 साल पुराना है। दरअसल, 2018 में काला हिरण केस में सलमान खान को जमानत मिलने पर राजपाल यादव ने खुशी जताई थी। वायरल वीडियो उसी दौरान का है, जिसे अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘G.M. Pasha’ ने 14 फरवरी 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “राजपाल यादव जेल से हुए बाहर..सलमान खान को दिया धन्यवाद।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Viralbollywood’ के यूट्यूब अकाउंट पर मिला। वीडियो को 8 अप्रैल 2018 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, काला हिरण मामले में सलमान खान को मिली जमानत पर राजपाल यादव की प्रतिक्रिया।
पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो ‘MF News’ के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। इसे 9 अप्रैल 2018 को अपलोड किया गया था। यहां पर भी वीडियो को शेयर करते हुए यही बताया गया है कि काला हिरण मामले में सलमान खान को जमानत मिलने के बाद राजपाल यादव ने यह बयान दिया था।
इस वीडियो में रिपोर्टर राजपाल यादव से पूछता है कि सलमान भाई को बेल मिला है, आप क्या कहना चाहेंगे?। इसके बाद राजपाल यादव जवाब देते हैं, ”मैं ये कह सकता हूं कि सलमान भाई बड़े भाई की तरह हैं और आज सलमान भाई के घर में उनके साथ बैठकर अंदर से बहुत खुशी महसूस हुई। सलमान भाई जैसे इंसान इंडस्ट्री में बहुत कम हैं, जो हमेशा लोगों के लिए खड़े रहते हैं और हमने तो 20 साल में लगातार सलमान भाई के साथ 10-12 फिल्में की हैं और उनके जैसे इंसान अपनी इंडस्ट्री में कम हैं।”
रिपोर्टर फिर उनसे पूछता है, ”इतने दिनों से टेंशन था अभी थोड़ा-सा रिलैक्स मिला है। आप कैसा महसूस कर रहे हैं?” इसके बाद राजपाल यादव जवाब देते हैं, ”सच में रिलैक्स महसूस कर रहा हूं और उनकी बेहतरी के लिए कामना करता हूं।
स्क्रीन को दिए गए एक इंटरव्यू में राजपाल यादव के मैनेजर गोल्डी ने बताया था कि नौ करोड़ के चेक बाउंस और लोन डिफॉल्ट मामले में फिल्म इंडस्ट्री से कई लोग राजपाल यादव की मदद के लिए सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि सोनू सूद, सलमान खान, डेविड धवन, रतन जैन, वरुण धवन सहित कई लोगों ने मदद करने के लिए कॉल किया था।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 16 फरवरी 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “दिल्ली हाई कोर्ट ने सोमवार को बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव को अंतरिम राहत देते हुए उनके वकील को चेक बाउंस केस के सिलसिले में रेस्पोंडेंट के नाम पर 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा करने के लिए दोपहर 3 बजे तक का समय दिया था। एक्टर ने 19 फरवरी को होने वाली अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए अंतरिम बेल मांगी है।”
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 12 फरवरी 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “नौ करोड़ के चेक बाउंस और लोन डिफॉल्ट मामले में तिहाड़ जेल में बंद अभिनेता एवं मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव की मदद के लिए बॉलीवुड स्टार सलमान खान, अजय देवगन, फिल्म निर्माता डेविड धवन और उनके अभिनेता-पुत्र वरुण धवन समेत कई हस्तियों ने हाथ बढ़ाए हैं। उधर, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लाइज (एफडब्ल्यूआइसीई) ने भी फिल्म और टीवी उद्योग से जुड़े लोगों से अपील की है कि जीवन के इस कठिन दौर में वे अभिनेता की मदद करें। अभिनेता सोनू सूद, जैम म्यूजिक के प्रोड्यूसर इंद्रजीत सिंह, तेज प्रताप यादव समेत कई लोग उनकी मदद को आगे आए थे।”

अधिक जानकारी के लिए हमने मुंबई में एंटरटेनमेंट के सीनियर जर्नलिस्ट पराग छापेकर से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो पुराना है। इसका हालिया चेक बाउंस मामले से कोई संबंध नहीं है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 23 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सलमान खान की प्रशंसा करने वाले राजपाल यादव के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि 8 साल पुराना है। दरअसल, 2018 में काला हिरण केस में सलमान खान को जमानत मिलने पर राजपाल यादव ने खुशी जताई थी। वायरल वीडियो उसी दौरान का है, जिसे अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

- Claim Review : राजपाल यादव ने जेल से बाहर आने के बाद सलमान खान को धन्यवाद किया।
- Claimed By : FB User G.M. Pasha
- Fact Check : झूठ
- Youtube By Viralbollywood, Dated 8 April 2018
- Youtube By MF News, Dated 8 April 2018
- Reported By Dainik Jagran 16 Feb 2026
- Reported By Dainik Jagran 12 Feb 2026
- Inst Post By ieentertainment 11 Feb 2026
टैग्स
अपनी प्रतिक्रिया दें
















Leave a Reply