Advertisement

आपसी रंजिश की घटना के वीडियो को यूपी पुलिस की कार्रवाई का बताकर किया जा रहा वायरल UP Police Viral Video of a private dispute goes viral with a false claim

पुलिस द्वारा दो लोगों को पीटने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत निकला। एमपी में आपसी रंजिश की घटना के वीडियो को यूपी का बताकर और सांप्रदायिक रंग देकर वायरल किया जा रहा है। दोनों पक्ष हिंदू समुदाय से हैं। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दो लोगों को पकड़कर ले जाती पुलिस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पुलिसकर्मियों को दो व्यक्तियों को पीटते हुए और उनका जुलूस निकालते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो उत्तर प्रदेश में हुई घटना का है। यूपी में ये दोनों व्यक्ति लड़कियों को परेशान कर रहे थे। फिर पुलिस ने इन्हें पकड़कर सबक सिखाया और जुलूस निकाला। इस वीडियो को सांप्रदायिक रंग देकर भी शेयर किया जा रहा है। 

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत साबित हुआ। असल में यह वीडियो यूपी का नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के उज्जैन में हुई एक घटना का है। दरअसल, दोनों व्यक्तियों पर एक शख्स के घर के सामने फायरिंग करने का आरोप लगा था इसलिए पुलिस ने इन दोनों को गिरफ्तार किया था। दोनों पक्ष हिंदू समुदाय से हैं। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Munish Kalia’ ने 16 नवंबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “दो क** जुनेद और आसिफ ने सड़क पर एक लड़की के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे..फिर पुलिस ने दोनों को सड़क पर छेड़ दिया।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए इसके कई कीफ्रेम निकाले गए और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया गया। हमें वायरल वीडियो ‘India Town News’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर मिला। इस वीडियो को 8 अक्टूबर 2026 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, घटना एमपी के उज्जैन की है। दोनों व्यक्तियों ने पुरानी रंजिश के चलते एक शख्स के घर के सामने फायरिंग की थी। 

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें इस खबर से जुड़ी रिपोर्ट ‘नवभारत टाइम्स’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 8 अक्टूबर 2026 को पब्लिश किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, घटना उज्जैन के वाल्मीकि नगर की है। दरअसल, माधवनगर थाना क्षेत्र के वाल्मीकि नगर में देर रात साहिल उर्फ भूरिया और सचिन उर्फ आयुष बाइक से पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों की सुजल नाम के युवक से पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते दोनों उसे धमकाने पहुंचे और हवाई फायर कर दिया। गोली चलने से इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि, गोली किसी व्यक्ति को नहीं लगी और इस दौरान कोई घायल भी नहीं हुआ। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिन्हें बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

अधिक जानकारी के लिए हमने ‘नईदुनिया’ उज्जैन के रिपोर्टर अमित कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहा दावा गलत है। वाल्मीकि नगर में दोनों व्यक्तियों ने आपसी रंजिश के चलते फायरिंग की थी। इसके बाद पुलिस ने इन्हें पकड़कर इनका जुलूस निकाला था। इस घटना में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं था। दोनों पक्ष हिंदू समुदाय से हैं। 

क्या है संदर्भ? 

सोशल मीडिया पर अक्सर पुलिस कार्रवाई के नाम पर असंबंधित वीडियो वायरल किए जाते हैं। कई बार बांग्लादेश के वीडियो भारत की घटनाओं के बताकर सांप्रदायिक दावों के साथ वायरल किए जाते हैं। विश्वास न्यूज ने ऐसे दावों की पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी है। इन्हें लिंक पर यहां और यहां क्लिक कर पढ़ा जा सकता है। 

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को करीब पांच हजार लोग फॉलो करते हैं। फेसबुक पर यह यूजर 31 मार्च 2018 से सक्रिय है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में पुलिस द्वारा दो लोगों को पीटने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत निकला। एमपी में आपसी रंजिश की घटना के वीडियो को यूपी का बताकर और सांप्रदायिक रंग देकर वायरल किया जा रहा है। दोनों पक्ष हिंदू समुदाय से हैं। 


  • Claim Review : यूपी पुलिस ने लड़कियों को परेशान करने वाले आरोपियों का निकाला जुलूस।
  • Claimed By : FB User Munish Kalia
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!