Advertisement

खुद के लिए नहीं, बल्कि विपक्ष पर तंज कसते हुए अमित शाह ने कहा था- ‘हमें मणिपुर की चिंता नहीं, सिर्फ चुनाव की चिंता है’-truth behind Amit Shah statement No concern for Manipur only concern for elections

गृह मंत्री अमित शाह का वायरल हो रहा वीडियो गलत संदर्भ के साथ शेयर किया जा रहा है। मण‍िपुर वाली बात उन्होंने खुद के लिए नहीं, बल्कि विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कही थी।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का 12 सेकंड का एक वीड‍ियो सोशल मीड‍िया पर वायरल हो रहा है। इस वीड‍ियो के साथ दावा क‍िया जा रहा है क‍ि अमित शाह ने स्‍वीकार किया है कि उन्हें मणिपुर की कोई चिंता नहीं है, बल्कि सिर्फ चुनाव की चिंता है। कई यूजर्स इसे अम‍ित शाह का बयान मानकर सोशल मीड‍िया पर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने व‍िस्‍तार से इस वीड‍ियो की जांच की। यह दावा भ्रामक साब‍ित हुआ। दरअसल, यह वीड‍ियो एड‍िटेड है। असली वीड‍ियो में अम‍ित शाह ने व‍िपक्षी दलों पर न‍िशाना साधते हुए यह बात कही थी। मूल वीड‍ियो लोकसभा में 3 अगस्त 2023 को ‘दिल्ली सेवा बिल’ (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार संशोधन विधेयक) पर चर्चा के दौरान का है।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘अब्‍दुल राश‍िद शेख’ ने 15 नवंबर 2026 को एक वीड‍ियो शेयर करते हुए दावा क‍िया, “गृह मंत्री अमित शाह जी के मुंह से कभी कभी सच्चाई निकल जाता है।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

व‍िश्‍वास न्‍यूज ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वायरल वीड‍ियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्‍स न‍िकाले, फ‍िर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जर‍िए सर्च क‍िया। हमें सर्च के दौरान पूरा वीड‍ियो ‘संसद टीवी’ के यूट्यूब चैनल पर म‍िला। इसे 3 अगस्त 2023 को अपलोड क‍िया गया था।

अम‍ित शाह के पूरे भाषण को सुनने पर यह स्पष्ट हो गया क‍ि उन्‍होंने व‍िपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मण‍िपुर वाला बयान द‍िया था। लोकसभा में ‘दिल्ली सेवा बिल’ (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार संशोधन विधेयक) पर चर्चा के दौरान अमित शाह ने व‍िपक्षी दलों की ओर इशारा करते हुए कहा था क‍ि इनका (विपक्ष का) मानना है कि हमें मणिपुर की चिंता नहीं है, लोकतंत्र की चिंता नहीं है, सिर्फ चुनाव की चिंता है।

इस मूल वीड‍ियो को देखने से यह स्‍पष्‍ट हुआ क‍ि इसमें से 13 सेकंड का एक ह‍िस्‍सा एड‍िट करके ऐसे वायरल क‍िया गया है, जैसे अम‍ित शाह मण‍िपुर की चिंता नहीं होने वाली बात खुद के ल‍िए कह रहे हों।

सर्च के दौरान अम‍ित शाह के बयान का पूरा वीड‍ियो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आध‍िकार‍िक यूट्यूब चैनल पर भी म‍िला। इसे 3 अगस्‍त 2023 को अपलोड क‍िया गया था। 12 म‍िनट 22 सेकंड की टाइमलाइन के बाद अम‍ित शाह व‍िपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहते हैं, “जैसे ही गठबंधन टूटने वाला बिल आया, (विपक्ष को) मणिपुर भी याद नहीं आया। डेमोक्रेसी भी याद नहीं आई, दंगे भी याद नहीं आए। सारे इकट्ठा होकर सामने बैठे हैं और 130 करोड़ की जनता को बताते हैं कि हमें मणिपुर की चिंता नहीं है, चुनाव की चिंता है। हमें डेमोक्रेसी की चिंता नहीं है, हमारी पार्टी का कोई सिद्धांत नहीं है। केवल और केवल राजनीति में चुनाव जीतने के लिए राजनीति में हैं। बताइए भइया आप बाहर जाकर मीडिया को कहेंगे कि अगर ऐसा नहीं है, तो आप सारे बिल में अनुपस्थित क्यों रहे? ये सभी बिल महत्वपूर्ण नहीं हैं क्या? सभी बिल महत्वपूर्ण हैं। आपको उपस्थित रहना चाहिए था।”

विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. विजय सोनकर शास्त्री से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि वायरल पोस्‍ट गलत है। अम‍ित शाह ने व‍िपक्षी दलों के ल‍िए वायरल हो रहे वीड‍ियो वाला बयान द‍िया था।

क्‍या है संदर्भ?

मण‍िपुर में मई 2023 से दो समुदायों के बीच संघर्ष जारी है। अब तक इस संघर्ष में सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। ‘जागरण डॉट कॉम’ की 13 नवंबर 2026 की एक खबर के अनुसार, “मई 2023 से मणिपुर में घाटी में रहने वाले मैतेई और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले कुकी समुदायों के बीच शुरू हुए जातीय संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस संघर्ष में 49 लोग लापता और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। इस साल फरवरी से पहाड़ी जिलों में कुकी और नगा समुदायों के बीच हुई झड़पों में कम से कम 50 लोग मारे गए हैं।”

जांच के अंत में अम‍ित शाह के एड‍िटेड वीड‍ियो को गलत संदर्भ के साथ शेयर करने वाले यूजर की जांच की गई। इस यूजर को फेसबुक पर 35 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट 2025 में बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट फर्जी साब‍ित हुई। गृह मंत्री अमित शाह का वायरल हो रहा वीडियो गलत संदर्भ के साथ शेयर किया जा रहा है। मण‍िपुर वाली बात उन्होंने खुद के लिए नहीं, बल्कि विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कही थी। उन्होंने कहा था कि विपक्ष को मणिपुर या लोकतंत्र की नहीं, बल्कि सिर्फ अपने गठबंधन और चुनाव की चिंता है।


  • Claim Review : गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उन्हें मणिपुर की चिंता नहीं, केवल चुनाव की चिंता है।
  • Claimed By : FB User Abdul Rashid Sheikh
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!