Advertisement

गुजरात में हुए वन रक्षकों के प्रदर्शन का वीडियो दिल्ली पुलिस के विरोध का बताकर वायरल- Video of forest guards protest in Gujarat falsely shared as Delhi Police protest

गुजरात के गांधीनगर में वन रक्षक विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसका वीडियो दिल्ली में पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन का बताकर वायरल किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली में वकीलों से विवाद के बाद ट्रांसफर किए गए अधिकारियों के मामले में 2 नवंबर 2026 को पुलिसकर्मियों ने पुलिस मुख्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। इस घटना से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वर्दी पहने जवानों को प्रदर्शन करते देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो दिल्ली में पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन का है।

विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की तो पता चला कि वीडियो गुजरात के गांधीनगर का है। वन रक्षकों ने सिक्योरिटी अलाउंस और ग्रेड पे समेत छह मांगों को लेकर गांधीनगर में प्रदर्शन किया था। उस घटना के वीडियो को दिल्ली पुलिसकर्मियों का बताकर अब वायरल किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर ‘news21hindustan’ ने 2 नवंबर 2026 को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “दिल्ली पुलिस में बगावत जैसे हालात! अपने ही अधिकारियों के खिलाफ सड़क पर उतरे सैकड़ों पुलिसकर्मी, मुख्यालय के बाहर किया जोरदार प्रदर्शन।
दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 2 नवंबर 2026 को पुलिस विभाग के भीतर उस समय भारी असंतोष देखने को मिला, जब सैकड़ों पुलिसकर्मी अपनी ही व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन करने दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंच गए। मामला शाहदरा में वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच हुई झड़प से जुड़ा है। घटना के बाद शाहदरा के एसीपी मनस्वी वशिष्ठ और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण कुमार का अचानक तबादला कर दिया गया। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई से नाराज पुलिसकर्मियों ने विभागीय अधिकारियों के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। पुलिसकर्मियों का आरोप है कि बिना उनका पक्ष सुने एकतरफा कार्रवाई की गई और मुश्किल समय में आला अधिकारियों ने अपने ही जवानों का साथ नहीं दिया। इसी नाराजगी के चलते जवान दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए और तबादला आद।”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। यूट्यूब चैनल ‘kidsfun2524’ पर 3 नवंबर 2026 को वायरल वीडियो अपलोड किया गया है। इस पर ‘सत्याग्रह छावनी, गांधीनगर’ लिखा है। वीडियो में शिवालिक लाइब्रेरी का बोर्ड भी दिख रहा है।

‘tau_dharmu_official’ ने वायरल वीडियो को 2 नवंबर 2026 को पोस्ट करते हुए इसे गुजरात में वन रक्षकों के प्रदर्शन का बताया था।

इंस्टाग्राम यूजर ‘gujarat_forest_20’ ने भी 28 अक्टूबर 2026 को वन रक्षकों के प्रदर्शन का एक अन्य वीडियो पोस्ट किया था। इसमें ‘वनरक्षक’ का हैशटैग भी प्रयोग किया गया था। इस वीडियो में दिख रही इमारत और वायरल हो रहे वीडियो की इमारत एक जैसी दिख रही है।

इस अकाउंट से वन रक्षकों के प्रदर्शन के कुछ अन्य वीडियो भी पोस्ट किए गए हैं।

इसके बाद हमने ‘सत्याग्रह छावनी, गांधीनगर’ को गूगल मैप्स पर चेक किया। इसमें दिख रही इमारत और इंस्टाग्राम यूजर ‘gujarat_forest_20’ की पोस्ट में दिख रही लोकेशन एक ही है।

‘गुजरात फर्स्ट’ की वेबसाइट पर 2 नवंबर 2026 को अपलोड किए गए वीडियो न्यूज में प्रदर्शन का वीडियो भी देखा जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, “विभिन्न लंबित मांगों को लेकर चल रहा वन रक्षकों का धरना आज छठे दिन भी जारी रहा। वन रक्षकों ने ग्रेड पे, तबादलों, पदोन्नति, भर्ती और रिस्क अलाउंस जैसे अहम मुद्दों पर सरकार के सामने अपनी बात मजबूती से रखी है।”

‘दिल्ली पुलिस’ के एक्स हैंडल से वायरल हो रहे वीडियो के रिप्लाई में पोस्ट कर कहा गया, “यह दावा पूरी तरह से गलत है और इसका दिल्ली पुलिस से कोई लेना-देना नहीं है। असल में, इसमें गुजरात वन विभाग के कर्मचारियों का पुराना फुटेज दिखाया गया है। जनता को सलाह दी जाती है कि वे इस तरह की भ्रामक जानकारी को साझा करने से बचें।”

इस बारे में हमने गुजरात में दैनिक जागरण के एसोसिएट एडिटर जीवन कपूरिया से संपर्क किया। उन्होंने वायरल वीडियो को गांधीनगर में वन रक्षकों के प्रदर्शन का बताया।

क्या है संदर्भ?

दिल्ली में पुलिसकर्मियों ने पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था। ‘दैनिक जागरण’ के दिल्ली संस्करण में 3 नवंबर 2026 को छपी एक खबर के अनुसार, “दिल्ली में तबादलों से नाराज पुलिसकर्मियों ने 2 नवंबर को अपने ही विभाग के मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। आरोप है कि वकीलों के दबाव में एसीपी मनस्वी वशिष्ठ और शाहदरा के थाना प्रभारी अरुण कुमार का तबादला कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि इससे पुलिसकर्मियों का मनोबल गिरा है। मुख्यालय स्तर पर ‘संयुक्त समन्वय समिति’ गठित करने का निर्णय लिया गया है, लेकिन आश्वासन के बाद भी पुलिसकर्मी वहीं डटे रहे। शाम को कुछ पुलिसकर्मी फिर मुख्यालय के बाहर सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। शाम सात बजे प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर लौटाया गया। बता दें कि इससे पहले 2019 में पुलिसकर्मियों ने इसी तरह का प्रदर्शन किया था।”

‘दैनिक भास्कर’ की 3 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, “दिल्ली पुलिस के एसीपी मनस्वी वशिष्ठ को सस्पेंड कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई का संबंध पुलिस हेडक्वार्टर के बाहर हुए प्रदर्शन से है।”

‘बीबीसी’ के फेसबुक पेज से 3 नवंबर 2026 को प्रदर्शन का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा गया है कि दिल्ली पुलिस हेडक्वार्टर के बाहर प्रदर्शन करने वाले एसीपी मनस्वी वशिष्ठ को सस्पेंड कर दिया गया है।

गुजरात के वीडियो को दिल्ली का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। अगस्त 2024 में बने इस इंस्टाग्राम अकाउंट के 64 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: गुजरात के गांधीनगर में वन रक्षक विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसका वीडियो दिल्ली में पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन का बताकर वायरल किया जा रहा है।


  • Claim Review : दिल्ली में पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करते पुलिसकर्मियों का वीडियो।
  • Claimed By : Insta User- news21hindustan
  • Fact Check : भ्रामक




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!