विपक्ष की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली के नाम पर वायरल हो रहा वीडियो असल में अर्जेंटीना का है। दरअसल, साल 2022 में जब अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम फीफा विश्व कप जीतकर ब्यूनस आयर्स पहुंची थी, तब लाखों की संख्या में लोगों ने वहां पहुंचकर खिलाड़ियों का स्वागत किया था।
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर 2026 को विपक्षी दलों ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली की थी। इसी रैली से जोड़कर जनसैलाब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो रामलीला मैदान में हुई विपक्ष की महारैली का है।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल हो रहे वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत निकला। असल में इस वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। यह साल 2022 का है और अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स का है। दरअसल, अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम 2022 में फीफा विश्व कप जीतकर ब्यूनस आयर्स पहुंची थी। वहां टीम का स्वागत करने और जश्न मनाने के लिए लाखों लोग पहुंचे थे।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Mumtaz Ansari Member Aicc’ ने 1 नवंबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “यह देखिए…हवा टाइट हो गई हैं #दिल्ली। #1november2026 #ramlilaground।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल हो रहा वीडियो अर्जेंटीना के पत्रकार ‘esreviral’ के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 20 दिसंबर 2022 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स का है। अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम फीफा विश्व कप जीतकर जब वहां पहुंची थी, तब लाखों की संख्या में लोग उनका स्वागत करने और जश्न मनाने के लिए पहुंचे थे। उसी दौरान इस फुटेज को ड्रोन कैमरे में कैद किया गया था।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘espn’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 21 दिसंबर 2022 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम के विश्व कप जीतने के बाद लाखों प्रशंसक ब्यूनस आयर्स में उनका स्वागत करने के लिए पहुंचे। लोग इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों का स्वागत करने के लिए पहुंचे थे कि वहां की सड़कें भर गई थीं। इसके बाद खिलाड़ियों को हवाई मार्ग के जरिए वहां से निकाला गया था।
हमने गूगल मैप्स के जरिए वायरल वीडियो में मौजूद जगह के बारे में सर्च किया। हमें इस जगह की हूबहू तस्वीरें अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में मिलीं।

अधिक जानकारी के लिए हमने ‘दैनिक जागरण’, नई दिल्ली के रिपोर्टर निमेश कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहा वीडियो दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर 2026 को आयोजित विपक्ष की रैली का नहीं है।
क्या है संदर्भ?
विपक्षी ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया गठबंधन) चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और ‘SIR’ प्रक्रिया से नाराज है। विपक्षी दलों का आरोप है कि ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) को ठीक से लागू नहीं किया जा रहा है और वोट चोरी की जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर 1 नवंबर 2026 को विपक्ष के ‘इंडिया’ गठबंधन ने नई दिल्ली के रामलीला मैदान में शक्ति प्रदर्शन किया था। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली आयोजित की गई। इस विशाल रैली में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी सहित विपक्ष के कई शीर्ष नेता भी शामिल हुए थे। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पर पढ़ें।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाली फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यह यूजर 8 मार्च 2011 से फेसबुक पर सक्रिय है। इस यूजर को 17 हजार लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि विपक्ष की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली के नाम पर वायरल हो रहा वीडियो असल में अर्जेंटीना का है। दरअसल, साल 2022 में जब अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम फीफा विश्व कप जीतकर ब्यूनस आयर्स पहुंची थी, तब लाखों की संख्या में लोगों ने वहां पहुंचकर खिलाड़ियों का स्वागत किया था।

- Claim Review : ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली का वीडियो।
- Claimed By : FB User Mumtaz Ansari Member Aicc
- Fact Check : झूठ
टैग्स
अपनी प्रतिक्रिया दें
















Leave a Reply