उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से मौसम का मिजाज लगातार तीसरे दिन भी बदला हुआ है। शनिवार सुबह से राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के करीब 10 शहरों में बारिश हो रही है, हालांकि पश्चिमी जिलाें में चटक धूप निकलने से राहत मिली है।
लगातार बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी है। कई जिलों में तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। लखनऊ में पिछले करीब 40 घंटे से रुक-रुककर रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी है। इसके अलावा उन्नाव, बाराबंकी, हरदोई और सीतापुर समेत कई जिलों में बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। लगातार बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को समय से पहले सर्दी का एहसास होने लगा है।
Also Read : पंजाब चुनाव के लिए आप ने जारी की 40 उम्मीदवारों की पहली सूची
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे से दृश्यता प्रभावित हुई है मगर धूप निकलने से मौसम सुहावना हो गया। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के मौसम वैज्ञानिक प्रो. रवि शंकर सिंह के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के 23 जिलों में शनिवार को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम की मौजूदा परिस्थितियों के चलते इन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि रविवार से मौसम में सुधार के संकेत हैं। बारिश का दौर थमने के साथ आसमान साफ होने लगेगा और तेज धूप निकलने की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
Pic Credit : UNI














Leave a Reply