मेदिनीनगर : पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र से दहेज प्रताड़ना का एक अत्यंत गंभीर और हृदयविदारक मामला सामने आया है। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों द्वारा एक विवाहिता को पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया गया, जिससे झुलसने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के परिजनों के आरोप पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद से ही शुरू हुई प्रताड़ना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चतरा जिले के प्रतापपुर थाना अंतर्गत चैनपुर निवासी बबलू राम ने थाने में लिखित आवेदन देकर बताया कि उनकी बेटी नेहा कुमारी (20) की शादी 25 नवंबर 2025 को तरहसी थाना क्षेत्र के कसमार गांव निवासी पवन कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से पदमा सूर्य मंदिर में हुई थी।
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति पवन कुमार और ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर नेहा को प्रताड़ित करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। इसके अलावा, आवेदन में यह भी गंभीर आरोप लगाया गया है कि नेहा के ससुर महेंद्र राम की नजर उस पर गलत थी। नेहा ने कई बार फोन पर अपनी मां को इन बातों की जानकारी दी थी।
पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग
मायके पक्ष के अनुसार, 10 मई 2026 की शाम करीब सात बजे पति पवन कुमार और ससुर महेंद्र राम ने सुनियोजित तरीके से नेहा पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी नेहा गंभीर रूप से झुलस गई।
कई अस्पतालों में भटकने के बाद दम तोड़ा
गंभीर रूप से घायल नेहा को पहले मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, उसे देव नारायण अस्पताल, फिर देवकमल अस्पताल और अंततः रिम्स (RIMS) में भर्ती कराया गया।
लंबी जद्दोजहद और उपचार के बाद 25 जून को डॉक्टरों ने नेहा की हालत अत्यंत गंभीर बताते हुए उसे घर ले जाने की सलाह दी। परिजनों के अनुसार, घर लौटने के दौरान 26 जून की तड़के करीब दो बजे उसने अंतिम सांस ली। इस घटना के बाद से इलाके में भारी आक्रोश है और पुलिस आरोपियों की धर-पकड़ तथा मामले की गहन जांच में जुटी है।













Leave a Reply