Advertisement

विश्व तंबाकू निषेध दिवस: गायत्री परिवार ने निकाली भव्य जागरूकता रैली, सैकड़ों लोगों ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प

​मेदिनीनगर (पलामू): विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर आज तरहसी प्रखंड क्षेत्र में समाज को नशे के चंगुल से मुक्त कराने और लोगों को सेहत के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। अखिल विश्व गायत्री परिवार, पाटन-तरहसी इकाई के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय महिला, पुरुष और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

महावीर मंदिर से सुभाष चौक तक गूंजे नारे

​जाकरूकता अभियान की शुरुआत बेदानी स्थित महावीर मंदिर परिसर से हुई। यहाँ गायत्री परिवार के सदस्य और प्रबुद्ध नागरिक एकत्रित हुए, जिसके बाद रैली बेदानी मोड़ होते हुए तरहसी के मुख्य सुभाष चौक तक पहुँची। पूरी रैली के दौरान मार्ग “नशा मुक्त समाज बनाना है”, “नशा नाश की जड़ है” और “तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो” जैसे गगनभेदी नारों से गुंजायमान रहा।

​हाथों में नशा मुक्ति के संदेश लिखी तख्तियां और बैनर लिए लोग राहगीरों और दुकानदारों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत कर रहे थे।

गीत और संदेशों के माध्यम से किया जागरूक

​रैली में लाउडस्पीकर के माध्यम से संगीतमय संदेश और नुक्कड़ शैली में लोगों को नशे से दूर रहने की नसीहत दी गई। गायत्री परिवार के वरिष्ठ सदस्यों ने बताया कि नशा न केवल किसी व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को खोखला करता है, बल्कि पूरे परिवार को आर्थिक और सामाजिक रूप से बर्बाद कर देता है। विशेषकर युवा पीढ़ी को इस लत से बचाना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

​इस पूरे जागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने में गायत्री परिवार के मुख्य सेवादारों और स्थानीय गणमान्य लोगों की अहम भूमिका रही। मौके पर मुख्य रूप से आशुतोष मिश्रा, निरंजन प्रसाद, कपिलदेव सोनी, उज्जवल पांडे और आलोक पांडे सहित भारी संख्या में गायत्री परिवार के श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित थे। सुभाष चौक पर रैली के समापन के दौरान उपस्थित लोगों ने जीवन में कभी भी नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!