मेदिनीनगर,(पलामू): पलामू जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सतबरवा पुलिस ने पवन कुमार सिंह हत्याकांड मामले का त्वरित खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी रवि सिंह (50 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया करीब साढ़े तीन फीट लंबा बांस का लाठी (डंडा) भी बरामद कर लिया है। यह पूरी कार्रवाई मेदिनीनगर सदर एसडीपीओ राजेश यादव के कुशल नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, सतबरवा थाना क्षेत्र में पवन कुमार सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। साक्ष्य छिपाने और मामले को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से अपराधियों ने शव को एक पेड़ से लटका दिया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। इस संबंध में मृतक के परिजनों की शिकायत पर सतबरवा थाना में कांड संख्या 56/2026 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था, जिसमें रवि सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया था।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी सेल की मदद और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रवि सिंह को धर दबोचा।
एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया:
“पुलिस ने हत्याकांड के आरोपी रवि सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त करीब 3.5 फीट लंबा बांस का लाठी बरामद किया है, जिससे पवन कुमार सिंह पर हमला किया गया था। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।”
इलाके में पुलिसिया कार्रवाई की सराहना
पवन कुमार सिंह की हत्या के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में काफी आक्रोश था। हालांकि, सतबरवा पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे भेजने और घटना में प्रयुक्त हथियार (लाठी) बरामद करने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस अब इस मामले में अन्य संभावित पहलुओं और किसी अन्य संलिप्तता की भी बारीकी से जांच कर रही है।













Leave a Reply