Advertisement

पीएम नेतन्याहू के भागने के पुराने वीडियो को अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध से जोड़कर किया जा रहा वायरल Old video of Benjamin Netanyahu rushing to vote in parliament falsely shared as US-Israel Iran war footage

पीएम नेतन्याहू के भागने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो करीब पांच साल पुराना है। दरअसल, साल 2021 में नेतन्याहू को इजरायल की संसद में वोट देना था, लेकिन उन्हें इसके लिए देरी हो गई थी। इसी कारण वह भाग रहे थे।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध से जोड़ते हुए, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्हें भागते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो ईरान की ओर से इजरायल पर किए गए हमले के बाद का है। इस हमले के बाद पीएम नेतन्याहू भागते हुए नजर आए। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहे वीडियो का अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो करीब पांच साल पुराना है। दरअसल, साल 2021 में नेतन्याहू को इजरायल की संसद में वोट देना था, लेकिन उन्हें इसके लिए देरी हो गई थी। इसी कारण वह भाग रहे थे। इस पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ अब वायरल किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

एक्स यूजर ‘Karishma Aziz’ ने 5 मार्च 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “क्या आपको पता है ये भगोड़ा Iran के डर से जर्मनी के बिल में जा कर छुपा हुआ है, एक अकेला ईरान ने दिखा दिया दुनिया को मुसलमानों का पावर, अब ये भगोड़ा अपना देश छोड़ कर डर से बिल में छुपा हुआ है!”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिला। वीडियो को 14 दिसंबर 2021 को शेयर किया गया था। हिब्रू भाषा में दी गई जानकारी के मुताबिक, इस वीडियो को नेसेट (इजरायली संसद) में फिल्माया गया है।

बेंजामिन नेतन्याहू ने 14 दिसंबर 2021 को अपने इंस्टाग्राम पर भी इस वीडियो को शेयर किया था।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट इजरायल की न्यूज वेबसाइट ‘inn’ पर मिली, जिसे 14 दिसंबर 2021 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, विपक्ष के नेता नेतन्याहू इजरायल की संसद, नेसेट में वोट देने के लिए भाग रहे थे। 

दावे से जुड़ी एक अन्य रिपोर्ट हमें  इजरायल की न्यूज वेबसाइट ‘kikar’ पर 13 दिसंबर 2021 को प्रकाशित मिली। रिपोर्ट के अनुसार, एक कानून को काफी कम मतों से पारित किया जा रहा था। ऐसे में  विपक्षी नेता बेंजामिन नेतन्याहू, जो नेसेट भवन में मौजूद थे, उन्हें वोट देने के लिए बुलाया गया था। वोट देने में देरी न हो, इसके लिए वह सदन की बिल्डिंग में भागते हुए नजर आए।

अधिक जानकारी के लिए हमने इजरायल के फैक्ट चेकर यूरिया बार मेर के साथ वायरल पोस्ट को शेयर किया। उन्होंने वीडियो को पुराना बताया और कहा कि यह साल 2021 का है, जब नेतन्याहू विपक्ष के नेता थे और संसद में वोट देने के लिए भाग रहे थे। इस वीडियो को उन्होंने खुद शेयर भी किया था।  अमेरिका-इजरायल और ईरान से इसका कोई संबंध नहीं है। पुराने वीडियो को गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।

‘अलजजीरा’ की वेबसाइट पर 9  मार्च 2026 को दिए गए अपडेट के अनुसार, “अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर बनाया गया है। इसी बीच अमेरिका और इजरायल, ईरान पर लगातार बमबारी कर रहे हैं। इजरायल ने ईरान के तेल डिपो पर हमला किया। इसके बाद वहां पर भीषण आग लग गई और शहर में घना धुआं छाया हुआ नजर आया।”

‘अलजजीरा’ की वेबसाइट पर 2 मार्च 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “28 फरवरी को जब ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम पर वाशिंगटन और तेहरान के बीच बातचीत चल रही थी, तब US और इजरायल ने ईरान पर हमले किए। ईरान ने उसी दिन पूरे क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन से जवाबी हमले किए, जिनमें इजरायल के साथ-साथ बहरीन, सऊदी अरब, कतर, संयुक्त अरब अमीरात और इराक में US मिलिट्री ठिकानों को निशाना बनाया गया। ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की हमलों में मौत की पुष्टि के एक दिन बाद, ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में US के ठिकानों पर हमला करना जारी रखा है।”

यह दावा सोशल मीडिया पर पहले भी वायरल हो चुका है। विश्वास न्यूज ने दावे की पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। पूरी रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाली यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 28 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को बिहार की रहने वाली बताया है। यूजर अप्रैल 2025 से एक्स पर सक्रिय है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पीएम नेतन्याहू के भागने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो करीब पांच साल पुराना है। दरअसल, साल 2021 में नेतन्याहू को इजरायल की संसद में वोट देना था, लेकिन उन्हें इसके लिए देरी हो गई थी। इसी कारण वह भाग रहे थे। पुराने वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 


  • Claim Review : ईरान के हमले के बाद भागते नजर आए पीएम नेतन्याहू।
  • Claimed By : X user Karishma Aziz
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!