Advertisement

ईरान में अयातुल्ला अली खामेनेई के घर पर हमले के दावे से AI क्रिएटेड वीडियो वायरल- AI-Generated Video Claiming Attack on Ayatollah Ali Khamenei House Goes Viral

अमेरिका व इजरायल के हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। हालांकि, खामेनेई के घर पर हमले के दावे से वायरल वीडियो एआई निर्मित है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें इमारतों और सड़क पर धमाके होते हुए देखे जा सकते हैं। वीडियो में सड़क पर मची अफरा-तफरी भी दिखाई गई है। इसको शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह खामेनेई के घर पर हुए हमले का वीडियो है।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो एआई टूल की मदद से बनाया गया है। यह वास्तविक नहीं है।

क्या है वायरल पोस्ट?

एक्स यूजर ‘Karishma Aziz’ ने 1 मार्च 2026 को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते इसे खामेनेई के घर पर हमले का बताया है।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वायरल वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें गाड़ियों के नंबर स्पष्ट नहीं हैं। साथ ही, वीडियो की शुरुआत में एक बाइक बिना उसके सवार के ही चलते हुए देखी जा सकती है। इससे हमें वायरल वीडियो के एआई निर्मित होने की संभावना लगी।

इसकी जांच के लिए हमने एआई डिटेक्शन टूल ‘हाइव मॉडरेशन’ से चेक किया। इसमें वीडियो को एआई संभावित बताया गया। साथ ही, इसके ‘सोरा’ से बने होने की संभावना भी व्यक्त की गई।

अधिक पुष्टि के लिए हमने वीडियो को अपने सहयोगी, डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (DAU) से शेयर किया, जो ट्रस्टेड इन्फॉर्मेशन एलायंस  (TIA) की एक पहल है। टीम ने वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को ‘इमेज व्हिसपरर’ से चेक किया। इनमें ये एआई संभावित निकले।

साइट इंजन ने भी इसे 95 फीसदी एआई संभावित बताया। इसमें इसके ‘सोरा’ से बने होने की संभावना 66 फीसदी जताई गई।

एनालिसिस के अनुसार, वीडियो में इधर-उधर दौड़ रहे इंसानों के चेहरों की बनावट एक जैसी नहीं है और बिगड़ी हुई हैं। कई फ्रेम में दौड़ते हुए लोगों के हाथ बदलते रहते हैं। साथ ही, विजुअल्स से पता चलता है कि जमीन के नीचे से कुछ फट रहा है। इससे साफ होता है कि वीडियो एआई क्रिएटेड है।

क्या है संदर्भ?

अलजजीरा की 1 मार्च 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, “अमेरिका और इजरायल के लगातार हमलों में सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान में 40 दिनों का शोक शुरू हो गया है। 28 फरवरी के हमलों में खामेनेई की बेटी, दामाद और पोते के साथ टॉप सिक्योरिटी अधिकारी भी मारे गए।”

बीबीसी की वेबसाइट पर 1 मार्च 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, ”अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था। इसमें खामेनेई की मौत की खबर सामने आई थी। सरकारी टीवी चैनलों पर प्रेजेंटर्स के बयानों से ये पता चला है कि ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने बताया कि खामेनेई की 28 फरवरी (शनिवार) तड़के उनके दफ्तर में मौत हुई। शनिवार शाम को इजरायली पीएम बेन्यामिन नेतन्याहू ने एक टेलीविजन भाषण में कहा कि तेहरान के बीचों-बीच खामेनेई के कंपाउंड को तबाह कर दिया। इस बात के कई संकेत हैं कि तानाशाह अब नहीं रहे।”

सीबीएस न्यूज की वेबसाइट पर 3 मार्च 2026 को दिए गए अपडेट के मुताबिक, “US सेना ने कहा है कि ईरान के साथ चल रहे युद्ध में मारे गए अमेरिकियों की संख्या अब छह हो गई है। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यह अभियान चार से पांच हफ्ते तक चल सकता है। इससे पहले कुवैत ने तीन US F-15 जेट मार गिराए, जिसे मिलिट्री ने ‘फ्रेंडली फायर इंसिडेंट’ कहा। सभी क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं। इन हमलों में इजरायल में कम से कम 11 लोग मारे गए हैं और ईरानी रेड क्रिसेंट संस्था का कहना है कि ईरान में 555 लोग मारे गए हैं।”

एआई वीडियो शेयर करने वाले एक्स यूजर के 24 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: अमेरिका व इजरायल के हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। हालांकि, खामेनेई के घर पर हमले के दावे से वायरल वीडियो एआई निर्मित है।


  • Claim Review : यह खामेनेई के घर पर हुए हमले का वीडियो है।
  • Claimed By : X User- Karishma Aziz
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!