Advertisement

एमपी में कांग्रेसियों ने नहीं, बल्कि भाजयुमो के सदस्यों ने फाड़े थे राहुल गांधी के पोस्टर, गलत दावा वायरल-BJYM members tore Rahul Gandhi posters in MP not Congressmen Know Truth Behind

21 फरवरी को भोपाल में कांग्रेस ऑफिस के बाहर भाजयुमो ने प्रदर्शन किया था। उसी घटना के वीडियो को अब गलत दावे के साथ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के नाम पर वायरल किया गया है।

नई दिल्‍ली (विश्वास न्‍यूज)। सोशल मीडिया के कई प्‍लेटफॉर्म पर 37 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोगों को कांग्रेस के पोस्‍टर फाड़ते हुए और आपत्तिजनक नारे लगाते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी के खिलाफ उन्‍हीं की पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बगावत करते हुए यह हरकत की है। कई सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को सच मानकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्‍यूज ने विस्‍तार से इस पोस्‍ट की जांच की। यह दावा बेबुनियाद साबित हुआ। दरअसल, 21 फरवरी 2026 को भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के ऑफिस के बाहर नारेबाजी करते हुए पोस्‍टर फाड़े थे। उसी घटना के वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

क्‍या हो रहा है वायरल?

‘अभिषेक गांधी’ नाम के एक फेसबुक यूजर ने 24 फरवरी 2026 को एक वीडियो को एक ग्रुप में पोस्‍ट करते हुए लिखा, “कांग्रेस के गढ़ में ही राहुल गांधी के खिलाफ विद्रोह! अपने ही कार्यकर्ताओं ने पोस्टर फाड़े और लगाए नारे। राहुल गांधी के खिलाफ कांग्रेस दफतर में ही बगावत। अपने ही कार्यकर्ताओं ने पोस्‍टर फाड़े और लगाए नारे।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने सबसे पहले वायरल वीडियो को ध्‍यान से देखा। इसमें हमें मध्‍य प्रदेश कांग्रेस लिखा हुआ नजर आया। इसके बाद वायरल वीडियो के कुछ ग्रैब्‍स निकालकर गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें यह वीडियो कई जगह मिला। हर जगह यही बताया गया है कि वीडियो में बवाल करते कार्यकर्ता भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़े हैं।

‘SATYA Khabar INDIA’ नाम के एक फेसबुक पेज ने वीडियो को पोस्‍ट करते हुए लिखा, “भोपाल में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय पर मचाया उत्पात।”

सर्च के दौरान वायरल वीडियो हमें 22 फरवरी 2026 को मध्य प्रदेश कांग्रेस के इंस्‍टाग्राम हैंडल पर भी मिला। इसके साथ लिखा गया, “आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, भोपाल में पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में जो हुआ, वह सिर्फ एक कार्यालय पर हमला नहीं था वह लोकतंत्र पर सीधा प्रहार था। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और भाजपा से जुड़े गुंडों द्वारा कांग्रेस कार्यालय में घुसकर जिस प्रकार हंगामा, तोड़फोड़ और अभद्रता की गई, उसका वीडियो साफ बता रहा है कि ये लोग विचारों से नहीं, हिंसा से राजनीति करना चाहते हैं। ये केवल पोस्टर नहीं फाड़ रहे। ये राजनीतिक मर्यादाओं को तार-तार कर रहे हैं। ये लोकतांत्रिक अस्मिता को रौंद रहे हैं।”

विश्वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए भोपाल से प्रकाशित दैनिक भास्‍कर के ईपेपर को स्‍कैन किया। 22 फरवरी 2026 को वायरल वीडियो से जुड़ी घटना की एक खबर मिली। इस खबर में बताया गया कि दिल्‍ली में एआई इम्‍पैक्‍ट समिट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अर्धनग्‍न होकर प्रदर्शन के खिलाफ भाजयुमो ने 21 फरवरी को पूरे मध्‍य प्रदेश में कांग्रेस कार्यालयों पर प्रदर्शन किया। इसी दौरान भोपाल में प्रदेश कांग्रेस के कार्यालय में चार स्‍तर की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए गेट तक जा पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ।

विश्वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए वायरल वीडियो को मध्‍य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्‍ता आनंद जाट के साथ शेयर किया। उन्‍होंने बताया कि कुछ दिन पहले भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस ऑफिस में उत्‍पात मचाया था। उसी घटना के वीडियो को अब झूठे और बेबुनियाद दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

निष्‍कर्ष : विश्वास न्‍यूज की जांच में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। 21 फरवरी को भोपाल में कांग्रेस ऑफिस के बाहर भाजयुमो ने प्रदर्शन किया था। उसी घटना के वीडियो को अब गलत दावे के साथ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के नाम पर वायरल किया गया है।


  • Claim Review : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाए।
  • Claimed By : FB User Abhishek Gandhi
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!