जांच में सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ के नाम पर वायरल हो रहा वीडियो फर्जी साबित हुआ। इसका भारतीय सेना की ओर से भी खंडन किया गया है।
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इसमें कथित तौर पर भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ को एक महिला के साथ नाचते हुए दिखाया गया है। वीडियो के साथ दावा किया गया है कि भारतीय सेना प्रमुख धीरज सेठ को एक मेजर की पत्नी सुप्रीत सपरा के साथ डांस करते हुए देखा गया। इस वीडियो के साथ ‘सीएनएन’ की वेबसाइट के फॉर्मेट का भी इस्तेमाल किया गया है। वीडियो को सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इस वीडियो की जांच की। यह पूरी तरह से फर्जी साबित हुआ। दरअसल, एक असली वीडियो के साथ एआई तकनीक से छेड़छाड़ करके सेना प्रमुख के खिलाफ दुष्प्रचार के लिए इस वीडियो को बनाकर वायरल किया गया है। भारतीय सेना ने भी इसका खंडन किया है।
क्या हो रहा है वायरल?
एक्स यूजर ‘Uzma Shah’ (@UzmaShahw1) ने 29 सितंबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट करते हुए अंग्रेजी में दावा किया, “SHOCKING VIDEO। Indian Army Chief Gen. Dhiraj Seth spotted in another wild party moment this time dancing closely with a junior officer’s wife while holding drinks.”
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच की शुरुआत में सबसे पहले कीवर्ड सर्च किया। चूंकि वीडियो में सीएनएन के नाम का इस्तेमाल किया गया है, इसलिए हमने सबसे पहले इस वीडियो से जुड़ी खबर को सीएनएन पर सर्च किया। हमें ऐसी कोई भी खबर नहीं मिली।
जांच के अगले चरण में वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इसे ध्यान से देखा। वायरल वीडियो में मौजूद लोगों के मूवमेंट और उनके हाथों में पकड़े गिलास में मौजूद शराब में कोई मूवमेंट नहीं दिखा। कोई भी इंसान हाथ में भरा गिलास लेकर डांस करेगा तो उसमें मूवमेंट होगी, लेकिन इस वीडियो में ऐसा कुछ भी नहीं दिख रहा है। इससे हमें इस वीडियो के एआई से बने होने का शक हुआ।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल के अगले चरण में एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद ली। सबसे पहले हमने ‘जीरो जीपीटी’ का इस्तेमाल किया। इस टूल ने वायरल वीडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

जांच को आगे बढ़ाते हुए वायरल वीडियो को हमने ‘मेटा एआई’ के डिटेक्टर टूल से चेक किया। इस टूल के नतीजों में बताया गया कि 23 अगस्त 2026 को एआई का यूज करके इस वीडियो में बदलाव किया गया था।

इसी तरह वायरल वीडियो को ‘Nvidia’s synthetic video detector’ टूल की मदद से भी चेक किया गया। इसके एनालिसिस में वायरल वीडियो को 50.1% सिंथेटिक स्कोर मिला। निष्कर्ष में बताया गया कि इसका सिंथेटिक स्कोर थ्रेशोल्ड (30%) से ज्यादा था। इसका मतलब है कि वीडियो के सिंथेटिक या AI-जनरेटेड होने की संभावना है।

भारतीय सेना के आधिकारिक फैक्ट चेक एक्स हैंडल पर भी वायरल वीडियो का खंडन किया गया है। यहां वायरल वीडियो को फेक बताते हुए कहा गया कि पाकिस्तान से जुड़े कई सोशल मीडिया अकाउंट्स आर्मी चीफ जनरल धीरज सेठ का एक फर्जी वीडियो वायरल कर रहे हैं।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले और फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। असली वीडियो हमें ‘rhythiculous’ नाम के एक इंस्टाग्राम हैंडल पर मिला। इस यूजर का नाम रिदम गुप्ता है। इस यूजर ने असली वीडियो 11 मार्च 2026 को पोस्ट किया था। इस वीडियो को ध्यान से देखने पर स्पष्ट हुआ कि वायरल वीडियो को इसी मूल वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके तैयार किया गया है। दोनों वीडियो में नाचने का हावभाव, हाथ पकड़ना और गिलास पकड़ना एक जैसा ही दिखाई देता है।

वायरल वीडियो में नीचे की ओर सुप्रीत सपरा और उनके पति की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया था। हमें यह तस्वीर सुप्रीत सपरा के इंस्टाग्राम हैंडल पर 23 फरवरी 2026 को अपलोड की हुई मिली। हालांकि, इस हैंडल को अब बंद कर दिया गया है। तस्वीर को आर्काइव लिंक पर जाकर देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान सुप्रीत सपरा से संपर्क किया। उन्होंने कहा, “वीडियो फेक है। यह सब पाकिस्तान की सेना कर रही है।”
विश्वास न्यूज से बातचीत में आर्मी के पीआरओ कर्नल निशांत अरविंद ने कहा, “वायरल वीडियो फेक है। इसका आर्मी की ओर से खंडन किया जा चुका है।”
क्या है संदर्भ?
सोशल मीडिया पर अक्सर भारतीय सेना के खिलाफ झूठ फैलाने के लिए विदेशी मूल के सोशल मीडिया यूजर्स की ओर से फर्जी वीडियो वायरल किए जाते हैं, जिनकी भारतीय सेना की ओर से समय-समय पर पोल खोली जाती है। विश्वास न्यूज भी ऐसे फेक वीडियो की सच्चाई अपने पाठकों को बताता रहा है। जुलाई 2026 में पूर्व आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी का भी एक फेक वीडियो वायरल करके झूठ फैलाया गया था। उसकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
जांच के अंत में फर्जी वीडियो पोस्ट करने वाली एक्स यूजर के अकाउंट की जांच की गई। पता चला कि यूजर पाकिस्तान की एक पत्रकार है। यह हैंडल अप्रैल 2026 में बनाया गया था।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ के नाम पर वायरल हो रहा वीडियो फर्जी साबित हुआ। इसका भारतीय सेना की ओर से भी खंडन किया गया है। दरअसल, वायरल वीडियो को एआई की मदद से तैयार करके शेयर किया गया है।

- Claim Review : सेना प्रमुख धीरज सेठ मेजर की पत्नी सुप्रीत सपरा के साथ डांस करते हुए।
- Claimed By : X User Uzma Shah
- Fact Check : झूठ
टैग्स
अपनी प्रतिक्रिया दें
















Leave a Reply