Advertisement

Fact Check: पिथौरागढ़ में ब्र‍िज टूटने का पुराना वीड‍ियो वायरल, 2020 के वीड‍ियो के जर‍िए फैलाया गया झूठ

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। उत्तराखंड में पुल के टूटने का वायरल वीड‍ियो जून 2020 का है। वहां हाल में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीड‍िया के विभिन्न प्लेटफॉर्म और कुछ न्‍यूज मीड‍िया प्लेटफॉर्म एक वीड‍ियो को वायरल करते हुए दावा कर रहे हैं क‍ि उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में ओवरलोड ट्रक के गुजरने से एक पुल भरभराकर ढह गया। इस वीड‍ियो में पुल के ऊपर एक ट्रक को पोकलेन मशीन ले जाते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान पुल पर भारी दबाव पड़ने से वह टूटकर नीचे गिर जाता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस वीडियो को हाल-फिलहाल का समझकर वायरल कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने विस्तार से वीडियो की जांच की। वायरल हो रहा पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। वर्ष 2020 की घटना के वीड‍ियो को अब वायरल करके झूठ फैलाया जा रहा है। पिथौरागढ़ प्रशासन ने भी वायरल पोस्‍ट का खंडन क‍िया है।

क्या हो रहा है वायरल?

इंस्‍टाग्राम पेज ‘ibc24.in’ ने 23 अक्‍टूबर 2026 को एक वीड‍ियो पोस्‍ट करते हुए दावा क‍िया, “उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में ओवरलोड ट्रक गुजरते ही भरभराकर ढह गया पुल।”

वायरल वीडियो को कई अन्य यूजर्स भी समान दावे के साथ शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम न‍िकाले। फ‍िर इन्‍हें गूगल लेंस टूल पर सर्च क‍िया गया। हमें वायरल वीड‍ियो से जुड़ी कई पुरानी खबरें म‍िलीं।

‘द स्‍क्रॉल’ ने 24 जून 2020 की अपनी एक र‍िपोर्ट में वायरल हो रहे वीड‍ियो का इस्‍तेमाल करते हुए बताया था क‍ि उत्तराखंड में एक ब्रिज खुदाई मशीन ले जा रहे ट्रक का भार नहीं सह सका और ढह गया। यह घटना पिथौरागढ़ जिले में हुई थी, जो भारत-चीन सीमा से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी पर है।

इसी तरह हमें ‘एनडीटीवी’ पर भी वायरल वीड‍ियो से जुड़ी एक पुरानी खबर म‍िली। 23 जून 2020 को प्रकाश‍ित इस खबर में बताया गया क‍ि उत्तराखंड में एक पुल उस समय ढह गया, जब उस पर से एक ट्रक गुजर रहा था। ट्रक पर खुदाई करने वाली मशीन लदी हुई थी। यह पुल 2009 में बना था और इसकी लंबाई 40 फीट थी।

सर्च के दौरान हमें ‘अमर उजाला’ की वेबसाइट पर भी एक खबर म‍िली। 22 जून 2020 की इस खबर में बताया गया क‍ि भारत को चीन सीमा से जोड़ने वाली मुनस्यारी-मिलम सड़क पर सेनर गाड़ में बना पुल टूट गया। इस हादसे में ट्रक चालक और पोकलेन ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गए थे और दोनों को जिला अस्पताल पिथौरागढ़ रेफर किया गया था।

विश्वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए Pithoragarh Police Uttarakhand (@PithoragarhPol) के एक्‍स हैंडल को स्‍कैन क‍िया। वहां हमें वायरल वीड‍ियो से जुड़ा एक खंडन म‍िला। 22 अक्‍टूबर 2026 को पिथौरागढ़ पुल‍िस ने खंडन करते हुए बताया क‍ि सोशल मीडिया पर मुनस्यारी के धापा बैंड के पास बने बेली ब्रिज के बीचोंबीच टूटने की खबर प्रसारित की जा रही है, जो फेक एवं भ्रामक है।

विश्वास न्‍यूज ने वायरल वीड‍ियो लेकर पिथौरागढ़ के पुलिस अधीक्षक (SP) अक्षय प्रह्लाद कोंडे से संपर्क क‍िया। उन्‍होंने बताया क‍ि वायरल पोस्‍ट फेक है। पुराने वीडियो को कुछ लोग वर्तमान घटना के रूप में वायरल कर रहे हैं। उन्‍होंने अपील की है क‍ि कोई भी सूचना या वीडियो साझा करने से पूर्व उसकी प्रामाणिकता अवश्य जांच लेनी चाहिए।

विश्वास न्‍यूज ने ‘दैनि‍क जागरण’, हल्द्वानी के संपादक व‍िजय यादव से भी संपर्क क‍िया। उन्‍होंने भी पुष्‍ट‍ि करते हुए बताया क‍ि वायरल हो रहा वीड‍ियो काफी पुराना है। हाल में यह घटना नहीं घटी है।

क्या है संदर्भ?

उत्तराखंड और ह‍िमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्‍यों में अक्‍सर भूस्‍खलन और पुल टूटने की खबरें आती हैं। बार‍िश के दि‍नों में ऐसे हादसे बढ़ जाते हैं। अगस्‍त 2026 में पिथौरागढ़ के कूलागाड़ के समीप बेली ब्रिज क्षतिग्रस्त हो जाने से सीमांत का संपर्क पूरी तरह कट गया था। यह सामरिक दृष्टि से अति महत्वपूर्ण धारचूला-तवाघाट-लिपुलेख मोटर मार्ग पर मौजूद है। पहाड़ी से आए भारी बोल्डर के कारण पुल टूटा था। जागरण डॉट कॉम पर 20 अगस्‍त 2026 को प्रकाशित एक खबर में इस घटना के बारे में पढ़ा जा सकता है।

जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले इंस्‍टाग्राम हैंडल की सोशल स्कैनिंग की गई। पता चला कि यह एक क्षेत्रीय न्‍यूज चैनल का पेज है। इसे 10 लाख से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट अक्‍टूबर 2017 में बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। उत्तराखंड में पुल के टूटने का वायरल वीड‍ियो जून 2020 का है। वहां हाल में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। पुराने वीड‍ियो को हाल‍िया घटना बताकर झूठ फैलाया जा रहा है। प‍िथौरागढ़ प्रशासन ने भी इसका खंडन क‍िया है।


  • Claim Review : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में ओवरलोड ट्रक गुजरते ही भरभराकर ढह गया पुल।
  • Claimed By : IG User IBC 24
  • Fact Check : भ्रामक




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!