मेदिनीनगर (पलामू): आगामी शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा को लेकर पांकी थाना परिसर में सोमवार को एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने की, जिसमें क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि और पूजा समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रशासन और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने मिलकर पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण, आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का संकल्प लिया।
शांति और सुरक्षा को लेकर प्रशासन की दो टूक निर्देश
बैठक के दौरान थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने विभिन्न पूजा समितियों से उनके कार्यक्रमों की रूपरेखा और तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आयोजन निर्धारित नियमों और कानूनी प्रावधानों के दायरे में ही किए जाएं।
थाना प्रभारी ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से विशेष रूप से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफ़वाहों पर ध्यान न दें और यदि कोई असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
आस्था और भाईचारे का प्रतीक है दुर्गा पूजा: प्रमुख पंचम प्रसाद
बैठक में उपस्थित पांकी के प्रमुख पंचम प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह आपसी प्रेम, आस्था और भाईचारे का एक महापर्व है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस पावन अवसर पर समाज के सभी वर्ग मिलकर उत्सव मनाएं और आपसी सौहार्द की मिसाल पेश करें।
अंचलाधिकारी मारवाड़ी साहू ने प्रशासनिक नियमों पर जोर देते हुए पूजा समितियों को लाइसेंस संबंधी औपचारिकताओं को समय पर पूरा करने और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के आपसी सहयोग से ही हर पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होता है।
बैठक में इनकी रही विशेष उपस्थिति
इस शांति समिति की बैठक में पांकी क्षेत्र के कई प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं: पकरिया पंचायत के पूर्व मुखिया व समाजसेवी एजाज खां,उप प्रमुख अमित चौहान,मुखिया प्रेम प्रसाद,झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मिथलेश पाण्डेय,पूर्व मंडल अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह,युवा समाजसेवी रफीक अंसारी,सांसद प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह, बृजदेव सिंह सहित क्षेत्र के कई अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी ने एक स्वर में पांकी में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।
















Leave a Reply