मेदिनीनगर (पलामू): ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत शुक्रवार प्रातः पलामू जिले में जन-जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का एक अनूठा संगम देखने को मिला। प्रातः 6:30 बजे समाहरणालय परिसर से एक भव्य स्वच्छता मैराथन (रन फॉर स्वच्छता) का शुभारंभ हुआ। इस दौड़ में प्रशासनिक पदाधिकारियों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर “दौड़े स्वच्छता के लिए, कदम बढ़े पर्यावरण संरक्षण की ओर” के संदेश को साकार किया।
समाहरणालय से सिंगरा तक दौड़े कदम
मैराथन की शुरुआत समाहरणालय परिसर से हुई, जिसे पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्वयं उपायुक्त भी प्रतिभागियों के साथ कदम से कदम मिलाकर दौड़ते नजर आए। मैराथन समाहरणालय से शुरू होकर छहमुहान, साहित्य समाज, पुलिस लाइन एवं बिस्फुटा चौक होते हुए सिंगरा स्थित अमानत नदी तट पर जाकर समाप्त हुई। पूरे रास्ते में मैराथन प्रतिभागियों ने आम जनमानस को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
अमानत नदी तट पर वृहद स्वच्छता अभियान
सिंगरा स्थित अमानत नदी के तट पर मैराथन के समापन के बाद, सभी उपस्थित लोगों ने एक साथ मिलकर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। उपायुक्त, प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्थानीय युवाओं ने नदी तट पर बिखरे प्लास्टिक कचरे, कांच की टूटी बोतलों, थर्माकोल एवं अन्य वर्ज्य पदार्थों को अपने हाथों से चुना। एकत्रित किए गए सारे कचरे को निर्धारित कचरा संग्रहण वाहनों में सुरक्षित तरीके से पहुंचाया गया, ताकि नदी का तट स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त हो सके।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी सम्मानित
मैराथन दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले और अग्रिम स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को अमानत नदी तट पर आयोजित एक सादे एवं गरिमामय समारोह में सम्मानित किया गया। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर उनका उत्साहवर्धन किया और उनसे अपने दैनिक जीवन में भी स्वच्छता को अपनाने की अपील की।
“स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का अभिन्न अंग होना चाहिए। जब हमारा वातावरण स्वच्छ रहेगा, तभी हम स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकेंगे।” — दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, उपायुक्त (पलामू)
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
स्वच्छता अभियान के तुरंत बाद अमानत नदी के समीप पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त एवं अन्य अतिथियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। साफ-सफाई के साथ-साथ हरियाली को बढ़ावा देना ही इस ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली। इस अवसर पर जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी, समाजसेवी, खेल संघों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।
















Leave a Reply